.AD

अकलतरा में भगवान परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा, श्रद्धा और अनुशासन का अद्भुत संगम

थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने टीम सहित सम्हाला मोर्चा

शांतिपूर्ण माहौल में हुआ शोभायात्रा संपन्न

मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने किया शोभायात्रा का स्वागत

जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा नगर में भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। नगर का वातावरण पूरे दिन धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव से ओत-प्रोत रहा।

शोभायात्रा की शुरुआत अकलतरा स्थित रामकुटि मंदिर से हुई, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान परशुराम की प्रतिमा का पूजन किया गया। इसके पश्चात आकर्षक झांकियों, ध्वज-पताकाओं और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो उठा।

इस दौरान युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिली। कई स्थानों पर भगवान परशुराम के जीवन और उनके पराक्रम को दर्शाती सुंदर झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु "जय परशुराम" के जयकारों के साथ पूरे मार्ग में उत्साहपूर्वक शामिल रहे।

कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने अपनी टीम के साथ पूरी मुस्तैदी से मोर्चा संभाला। पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे शोभायात्रा पूर्णतः शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। यातायात व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित की गई, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

शोभायात्रा का समापन पुनः रामकुटि मंदिर में हुआ, जहां समापन पश्चात विशाल प्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती प्रदान की, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का भी सशक्त संदेश दिया। अकलतरा में इस भव्य आयोजन की सर्वत्र सराहना हो रही है।


Related Articles