.AD

युवा कांग्रेस में नई जिम्मेदारी: विजय खांडेल बने जिला उपाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस संगठन में संगठनात्मक विस्तार और मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अकलतरा के सक्रिय युवा नेता विजय खांडेल को जिला उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके मनोनयन से क्षेत्र के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अमित सिंह पठानिया एवं सह प्रभारी डॉ. मोनिका मंडरे के मार्गदर्शन में, तथा प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा की सहमति से की गई। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने औपचारिक रूप से विजय खांडेल को यह जिम्मेदारी सौंपते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

विजय खांडेल अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में पहले से सक्रिय रहे हैं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। वे लगातार दो बार पार्षद निर्वाचित होकर जनसेवा में अपनी प्रतिबद्धता साबित कर चुके हैं। क्षेत्र में उनकी पहचान एक मेहनती, सरल और जुझारू जनप्रतिनिधि के रूप में है, जो कांग्रेस पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते रहे हैं।

उनके मनोनयन को संगठन में युवाओं को अधिक अवसर देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि विजय खांडेल के अनुभव और सक्रियता से जिले में युवा कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी तथा संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी।

इस अवसर पर विजय खांडेल ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करना और अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ना रहेगा।

स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी विजय खांडेल को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में युवा कांग्रेस नई ऊंचाइयों को छुएगा।


Related Articles