.AD

जांजगीर-चांपा यातायात विभाग लगातार एक्टिव

ड्रिंक एंड ड्राइव, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण सहित अपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर

जांजगीर-चांपा। जिले में सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा यातायात प्रभारी उदयन बेहार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

यातायात टीम द्वारा क्षेत्रों में अलग-अलग प्वाइंट लगाकर वाहन चालकों की सघन जांच की जा रही है। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर विशेष कार्रवाई की जा रही है। ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की जा रही है।

इसके साथ ही बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों तथा तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों पर भी यातायात पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

यातायात विभाग द्वारा केवल यातायात नियमों के उल्लंघन पर ही नहीं, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। देर रात एवं संवेदनशील क्षेत्रों में वाहनों की जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।

यातायात पुलिस लोगों को जागरूक करने का कार्य भी कर रही है। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम नागरिकों की भी सहभागिता आवश्यक है।

जिलेवासियों ने भी यातायात विभाग की इस सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि नियमित जांच एवं सख्ती से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

यातायात विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, सुरक्षित वाहन चलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखी जा सके।


Related Articles